रायपुर। सुकमा जिले में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में कलेक्टर के निर्देशन में विकासखंड कोंटा की ग्राम पंचायत बंडा में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत सामने आई वित्तीय अनियमितताओं के मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बंडा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शासकीय राशि के उपयोग में अनियमितता की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन द्वारा जांच दल गठित कर पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कराई गई। जांच में वित्तीय अनियमितता के तथ्य सामने आने के बाद प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की है।
कार्रवाई के तहत ग्राम पंचायत बंडा के तत्कालीन सचिव कृष्ण प्रकाश सिंह (निलंबित सचिव) को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। वहीं वर्तमान सचिव गरिमा नाग तथा सचिव जी. लक्ष्मी को कार्य में लापरवाही न बरतने के निर्देश देते हुए अंतिम चेतावनी पत्र जारी किया गया है।







