Home छत्तीसगढ़ स्टेयरिंग फेल होने से बस रेलवे ट्रैक पर गिरी, 30 यात्री बाल-बाल...

स्टेयरिंग फेल होने से बस रेलवे ट्रैक पर गिरी, 30 यात्री बाल-बाल बचे

18
0

बालोद। बालोद जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया, जब यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर रेलवे ट्रैक पर जा गिरी। बस में करीब 30 यात्री सवार थे। हादसे में कई लोग घायल हुए, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी की जान नहीं गई।

स्टेयरिंग फेल होने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, पायल ट्रेवल्स की बस दुर्ग से दल्लीराजहरा की ओर जा रही थी। कुसुमकसा और जमही टोल प्लाजा के बीच अचानक बस का स्टेयरिंग फेल हो गया। इसके बाद चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे खाई में गिरते हुए रेलवे ट्रैक तक पहुंच गई।

मचा हड़कंप, चालक फरार
हादसे के बाद बस के भीतर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई। घटना के तुरंत बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

स्थानीय लोगों ने बचाई जान
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस के पहुंचने के बाद संयुक्त प्रयास से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

बड़ा हादसा टला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि हादसे के समय रेलवे ट्रैक पर ट्रेन गुजर रही होती, तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। समय रहते रेस्क्यू ऑपरेशन होने से बड़ा हादसा टल गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here