Home छत्तीसगढ़ आवासीय खेल अकादमी चयन ट्रायल में शामिल हुए 753 खिलाड़ी

आवासीय खेल अकादमी चयन ट्रायल में शामिल हुए 753 खिलाड़ी

7
0

खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित आवासीय खेल अकादमी में प्रवेश के लिए 28 अप्रैल से 1 मई तक चयन ट्रायल का आयोजन रायपुर के कोटा स्थित स्वामी विवेकानंद स्टेडियम एवं सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम पिच-2 रायपुर में किया गया। चार दिवसीय चयन ट्रायल के अंतिम दिन आज हॉकी एवं एथलेटिक्स के खिलाड़ियों के खेल कौशल का ट्रायल लिया गया।

चार दिनों तक चले चयन ट्रायल में हॉकी, एथलेटिक्स, फुटबॉल, तीरंदाजी एवं वेटलिफ्टिंग के कुल 753 खिलाड़ियों ने भाग लिया। हॉकी में 284, तीरंदाजी में 95, फुटबॉल में 89, एथलेटिक्स में 256 एवं वेटलिफ्टिंग में 29 बालक-बालिकाओं ने भागीदारी की। अकादमी के लिए खिलाड़ियों का चयन मोटर एबिलिटी एवं खेल कौशल के आधार पर किया जाएगा। खिलाड़ियों की अंतिम चयन सूची  दस्तावेज सत्यापन, चिकित्सा परीक्षण, शारीरिक दक्षता परीक्षण व खेल कौशल के आधार पर जारी की जाएगी।

चयनित खिलाड़ी राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित आवासीय खेल परिसर में निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। चयनित खिलाड़ियों को निःशुल्क आवास, भोजन, शैक्षणिक व्यय, खेल परिधान, प्लेइंग किट एवं दुर्घटना बीमा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। चयन ट्रायल में सम्मिलित हुए सभी खिलाड़ियों को विभाग द्वारा निःशुल्क भोजन, आवास व मेडिकल सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here