रिटायर्ड शासकीय सेवकों ने जताई खुशी, 44 अधिकारी एवं कर्मचारियों के लिए हुआ सम्मान समारोह

रायपुर। एक वक्त था, जब शासकीय सेवकों को रिटायरमेंट के वक्त पेंशन सहित अन्य सत्वों के लिए कई बार शासकीय कार्यालय के चक्कर काटने पड़ते थे, लेकिन अब उन्हें किसी भी तरह की रिटायरमेंट के वक्त में दिक्कतें नहीं होगी। प्रोजेक्ट वंदन के जरिए सारे सत्वों एवं पेंशन प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। ताकि रिटायरमेंट के बाद उन्हें किसी भी प्रकार की चिंता न हो। दरअसल, प्रोजेक्ट वंदन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन एवं कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की पहल पर शुरू की गई है। विगत अप्रैल माह में 44 अधिकारी-कर्मचारी रिटायर हुए उन्हें सम्मान के साथ रिटायरमेंट की शुभकामनाओं के साथ ही शाॅल एवं श्रीफल देकर सम्मान किया गया। जिनमें 7 अधिकारी-कर्मचारियों के सारे सत्वों का भुगतान किया गया तथा बाकियों का 10 दिन के भीतर सभी सत्व प्रदान किए जाएंगे।
खमतराई के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला के शिक्षक अब्दुल याकुब खान ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रोजेक्ट वंदन सभी शासकीय कर्मचारियों के लिए एक अच्छी पहल हैं। पहले रिटायरमेंट के वक्त कई बार पेंशन को लेकर बहुत-सी समस्याओं का सामना करना पड़ता था और कार्यालयांे का चक्कर लगाना पड़ता था, लेकिन अब इस प्रोजेक्ट के माध्यम से विदाई समारोह के दिन जिले के कलेक्टर द्वारा पीपीओ एवं सत्वों का भुगतान 40 लाख रूपए तत्काल कर दिया गया। इसके लिए मुख्यमंत्री श्री साय एवं जिला प्रशासन का धन्यवाद करता हूँ।







