Home छत्तीसगढ़ सड़क किनारे खड़े ट्रकों के खिलाफ विशेष अभियान, ई-चालान और BNS के...

सड़क किनारे खड़े ट्रकों के खिलाफ विशेष अभियान, ई-चालान और BNS के तहत कार्रवाई

13
0

रायपुर। राजधानी रायपुर में सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े ट्रक और ट्रेलरों के खिलाफ यातायात पुलिस का विशेष अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने हीरापुर मार्ग, रिंग रोड-2 और बिलासपुर मार्ग पर कार्रवाई करते हुए कई भारी वाहनों के ई-चालान काटे और सड़क अवरोध पैदा करने वाले चालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 285 के तहत कार्रवाई की।

पुलिस उपायुक्त (यातायात) डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में यातायात थाना टाटीबंध और थाना आमनाका की संयुक्त टीम ने यह अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य सड़कों को अवैध पार्किंग से मुक्त कर यातायात को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखना है।

पीए सिस्टम से दी गई समझाइश
कार्रवाई के दौरान यातायात पुलिस ने पब्लिक एड्रेस (PA) सिस्टम के माध्यम से ट्रक और ट्रेलर चालकों को लगातार जागरूक किया। उन्हें बताया गया कि सड़क पर भारी वाहन खड़ा करने से यातायात बाधित होता है, दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वे स्वेच्छा से अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े करें। ऐसा नहीं करने पर ई-चालान के साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षित यातायात व्यवस्था पर जोर
यातायात पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई करना नहीं, बल्कि शहर की सड़कों को अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से मुक्त कर नागरिकों को सुरक्षित एवं निर्बाध यातायात उपलब्ध कराना है।

डीसीपी यातायात डॉ. अर्चना झा ने बताया कि यह विशेष अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अवैध पार्किंग, यातायात अवरोध और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता अभियान भी समानांतर रूप से चलाया जाएगा, ताकि रायपुर में अनुशासित और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here