Home छत्तीसगढ़ 9 किलोग्राम से अधिक मेथंफेटामाइन जब्त, एक शख्स गिरफ्तार

9 किलोग्राम से अधिक मेथंफेटामाइन जब्त, एक शख्स गिरफ्तार

8
0

दिल्ली। राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने कृत्रिम मादक पदार्थों की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 अक्टूबर 2026 को भोपाल के अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) पर 9.139 किलोग्राम मेथंफेटामाइन जब्त किया और एक शख्स को गिरफ्तार किया। यह जब्ती देश के अंतर-शहरी परिवहन नेटवर्क के माध्यम से खतरनाक कृत्रिम मादक पदार्थों की आवाजाही को बाधित करने के लिए डीआरआई के निरंतर प्रयासों को रेखांकित करती है।

विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर, डीआरआई अधिकारियों ने भोपाल आईएसबीटी पर बस के आगमन पर दिल्ली से बेंगलुरु जा रहे एक भारतीय पुरुष यात्री को रोका। यात्री के सामान की तलाशी लेने पर सलवार सूट के पैकेटों में छिपाए गए और दो मध्यम आकार के ट्रॉली बैगों में रखे गए क्रिस्टलीय मेथंफेटामाइन से भरे 11 प्लास्टिक पैकेट बरामद हुए, जिनका कुल वजन 9.139 किलोग्राम था। फील्ड परीक्षण में बरामद पदार्थ में मेथंफेटामाइन की मौजूदगी की पुष्टि हुई, जिसे जब्त कर लिया गया और यात्री को स्वापक औषधि और मनः प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया।

देश में कृत्रिम मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच यह जब्ती हुई है। हाल ही में चलाए गए बड़े अभियानों में, डीआरआई ने उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में 231.8 किलोग्राम मेथ टैबलेट जब्त किए, जिन पर म्यांमार से तस्करी का संदेह है, और तमिलनाडु में 137 किलोग्राम क्रिस्टल मेथंफेटामाइन जब्त किया, जिस पर आरोप है कि यह खेप समुद्री मार्ग से श्रीलंका में तस्करी के लिए भेजी जानी थी। ये अभियान कृत्रिम नशीले पदार्थों की तस्करी के व्यापक पैमाने और विविध मार्गों को उजागर करते हैं, जो अंतर-शहरी परिवहन नेटवर्क, सीमा पार और तटीय गलियारों तक फैले हुए हैं।

खुफिया जानकारी पर आधारित निरंतर प्रवर्तन के माध्यम से, डीआरआई मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को खत्म करने और खतरनाक दवाओं को अवैध बाजारों तक पहुंचने से रोकने प्रति प्रतिबद्ध है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here