Home छत्तीसगढ़ चक्रवात ‘अकवान’ का असर: रायपुर में सुबह से बारिश, 11 जिलों में...

चक्रवात ‘अकवान’ का असर: रायपुर में सुबह से बारिश, 11 जिलों में यलो अलर्ट

14
0
रायपुर। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर अब छत्तीसगढ़ में भी दिखाई देने लगा है। राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं और हल्की बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 20 और 21 नवंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। इसे देखते हुए प्रदेश के 11 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इन 11 जिलों में यलो अलर्ट मौसम विभाग ने बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद और रायपुर जिले के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। 20 और 21 नवंबर को प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है। रायपुर में बादल, तापमान 28 और 18 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह से मौसम बदला हुआ है। आसमान में बादल छाए हैं और हल्की बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। दुर्ग सबसे गर्म, अंबिकापुर में सबसे कम तापमान पिछले 24 घंटों के दौरान गुरुवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान दुर्ग में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के कुछ हिस्सों में ठंड का असर बना हुआ है, लेकिन चक्रवात के प्रभाव से अगले दो दिनों में मौसम में बदलाव की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ 20 नवंबर की सुबह पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटों के पास सक्रिय था। सुबह 5:30 बजे इसका केंद्र 18.3 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 84.8 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। उस समय यह आंध्र प्रदेश के कलिंगपट्टनम से लगभग 70 किलोमीटर पूर्व, ओडिशा के गोपालपुर से 110 किलोमीटर दक्षिण, विशाखापत्तनम से 170 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व और पुरी से करीब 200 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में था। पिछले छह घंटों के दौरान यह उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में करीब 23 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से आगे बढ़ा था। इसके बाद तूफान ने 20 नवंबर की सुबह करीब 7:30 से 8:30 बजे के बीच ओडिशा के गोपालपुर के पास दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश के तट को पार किया। तट पार करते समय इसकी हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे थी, जबकि झोंकों में यह 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही थी। सुबह 8:30 बजे इसका केंद्र दक्षिणी तटीय ओडिशा और उससे लगे उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर, लगभग 19.2 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 84.8 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here