Home छत्तीसगढ़ उज्जैन में विकसित होगा डीप टेक रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क : मुख्यमंत्री

उज्जैन में विकसित होगा डीप टेक रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क : मुख्यमंत्री

14
0

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सदैव भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रोत्साहन, प्राचीन विरासतों के संरक्षण, वैज्ञानिक शोध और नवाचार को आगे बढ़ाया है। मध्यप्रदेश में भी प्राचीन सभ्यताओं और पुरातात्विक धरोहरों के वैज्ञानिक अध्ययन को नई दिशा देने के लिए महत्वपूर्ण पहल की गई है। राजधानी भोपाल में स्थापित डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला के माध्यम से अब 10 लाख वर्ष तक पुरातात्विक महत्व की सामग्रियों की जांच और आयु का वैज्ञानिक निर्धारण किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि उज्जैन में लगभग 100 एकड़ भूमि पर डीप टेक रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क विकसित किया जाएगा। इससे विज्ञान, अनुसंधान, नवाचार और उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में नई संभावनाएं सृजित होंगी। उज्जैन केवल धार्मिक नगरी ही नहीं, बल्कि विज्ञान, उद्योग, कला, संस्कृति और सभ्यता का भी महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। प्राचीन काल से ही उज्जैन काल-गणना एवं खगोल विज्ञान के क्षेत्र में विशिष्ट स्थान रखता है। प्रदेश की वैज्ञानिक विरासत को आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक से जोड़ते हुए उज्जैन को साइंस सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को म.प्र. विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मैपकास्ट) के विज्ञान भवन में ‘प्राचीन से आधुनिक काल तक वैज्ञानिक विधियों से कालगणना’ के अंतर्गत ‘महाकाल : द मास्टर ऑफ टाइम’ थीम पर आधारित राष्ट्रीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मैपकास्ट में स्थापित प्रदेश की पहली डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला एवं डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर गैलरी का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में कौशल विकास और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए मेपकास्ट एवं धनुष क्वांटम टेक्नोलॉजी लिमिटेड के बीच एमओयू का आदान-प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ‘महाकाल : द मास्टर ऑफ टाइम’ विषय पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन पर आधारित कॉफी टेबल और दत्तोपंत ठेंगड़ी राष्ट्रीय शोध संस्थान के शोधार्थी समागम के पोस्टर का भी विमोचन भी किया। इस अवसर पर डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला एवं गैलरी पर आधारित फिल्म का प्रदर्शन किया गया।

पद्मश्री डॉ. वाकणकर ने भारतीय पुरातत्व एवं सभ्यताओं के अध्ययन को नई दिशा दी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पद्मश्री डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर प्रसिद्ध पुरातत्वविद्, चित्रकार और इतिहासकार थे। उन्होंने सीमित संसाधनों और विपरीत परिस्थितियों में भारतीय पुरातत्व एवं प्राचीन सभ्यताओं के अध्ययन को आगे बढ़ाया। उनके शोध और योगदान ने भारत की प्राचीन सभ्यता को वैश्विक पहचान दिलाई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डॉ. वाकणकर को श्रद्धांजलि अर्पित की और अपने छात्र जीवन में डॉ. वाकणकर से हुई मुलाकातों और विभिन्न विषयों पर हुई चर्चाओं का स्मरण करते हुए कहा कि पुरातत्व और वैज्ञानिक खोजों के साथ ही उनकी सामाजिक एवं राजनीतिक दृष्टि भी व्यापक थी। प्रदेश सरकार ने भोपाल के पास स्थित रातापानी अभयारण्य को डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर राष्ट्रीय उद्यान नाम देकर उनके योगदान को सम्मान दिया है।

भोपाल को नॉलेज सिटी के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन प्राचीन काल से ही काल-गणना एवं खगोल विज्ञान का प्रमुख केंद्र रहा है। विक्रमादित्य की परंपरा, भारतीय काल-गणना पद्धति और प्राचीन ज्ञान को आधुनिक विज्ञान से जोड़कर आगे बढ़ाया जा रहा है। विक्रमादित्य शोध पीठ को भी अकादमिक एवं शोध संस्थान के रूप में विकसित किया जा रहा है। डीप टेक रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क में उभरती तकनीकों के क्षेत्र में अनुसंधान एवं नवाचार को प्रोत्साहन मिलेगा। शोध एवं अनुसंधान जितना व्यापक होगा, विकास की संभावनाएं भी उतनी ही बढ़ेंगी। राज्य सरकार वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचार एवं भारतीय ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने स्पेस टेक पॉलिसी भी तैयार की है। इसके माध्यम से अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में अनुसंधान और नवाचार को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उज्जैन धार्मिक और औद्योगिक नगरी के साथ अब साइंस सिटी के रूप में भी विकसित हो रहा है। वहीं भोपाल को नॉलेज सिटी के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here