Home छत्तीसगढ़ हसदेव में फिर हुआ कटाई शुरू, ग्रामीण कर रहे विरोध, भारी संख्या...

हसदेव में फिर हुआ कटाई शुरू, ग्रामीण कर रहे विरोध, भारी संख्या में पुलिस बल तैनात…

71
0

अंबिकापुर। जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में परसा केते एक्स्टेंशन के नाम से जंगल में पेड़ों की कटाई शुरू है। प्रशासनिक अधिकारियों और सैकड़ों पुलिस बल की मौजूदगी में सैकड़ों साल पुराने पेड़ों को कोल खदान के नाम से काटा जा रहा है। विरोध कर रहे ग्रामीणों को जबरन पकड़कर पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। किसी को कटाई वाले क्षेत्रों में नहीं जाने दिया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक पेंड्रामार घाटबर्रा जंगल जाने वाले हर रास्ते पर पुलिस बल तैनात है किसी को अंदर जाने नहीं दिया जा रहा है। पेट्रोल से चलने वाली इलेक्ट्रिक आरा मशीन से पेड़ों की कटाई बदस्तूर जारी है। जहां कल तक हरे भरे पेड़ नजर आ रहे थे वह अब ठूंठ में तब्दील हो गए है और होते जायेंगे। प्रशासन और कंपनी ने मंगलवार सुबह 5-6 बजे पेड़ों की कटाई शुरू करा दिया है। यह कटाई परसा ईस्ट केते बासन खदान के दूसरे फेज के लिए हो रही है। खदान के इस विस्तार से सरगुजा जिले का घाटबर्रा गांव उजड़ जाएगा। वहीं एक हजार 138 हेक्टेयर का जंगल भी उजाड़ा जाना है। इस क्षेत्र में परसा खदान के बाद इस विस्तार का ही सबसे अधिक विरोध था।

ग्रामीणों के मुताबिक पुलिस ने मंगलवार को सुबह होने से पहले ही खदान के विरोध में आंदोलन कर रहे 20 से अधिक आदिवासी ग्रामीणों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने 12 लोगों को गिरफ्तार करने की बात स्वीकारी है वह भी आधिकारिक तौर पर नहीं। पुलिस के मुताबिक इन लोगों को पुराने मामले में गिरफ्तार किए जाने की बात कही है।


सरगुजा कलेक्टर ने ग्रामीणों की गिरफ्तारी के औचित्य पर पूछे गये सवाल पर कहा, जब भी वहां सरकारी काम होता है तो लोग तीर-धनुष लेकर आ जाते हैं। कुछ लोग पीकर आ जाते हैं। जबरन विरोध करते हैं। उनको दूर रखने के लिए कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here