सरकार ने वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन, पीवीएसएम, एवीएसएम, वीएसएम को नौसेना प्रमुख नियुक्त किया है। वर्तमान नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी, पीवीएसएम, एवीएसएम, एनएम 31 मई 2026 को सेवा से सेवानिवृत्त होंगे।

वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने 31 जुलाई 2025 को पश्चिमी नौसेना कमान के 34वें फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ का कार्यभार ग्रहण किया था। फ्लैग ऑफिसर को 01 जुलाई 1987 को भारतीय नौसेना में कमीशन प्राप्त हुआ था तथा वे संचार एवं इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणाली के विशेषज्ञ हैं। वे राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खड़कवासला; यूनाइटेड किंगडम स्थित जॉइंट सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज, श्रिवेनहम; करंजा स्थित कॉलेज ऑफ नेवल वॉरफेयर; तथा संयुक्त राज्य अमेरिका के रोड आइलैंड स्थित न्यूपोर्ट नेवल वॉर कॉलेज के पूर्व छात्र हैं।
परम विशिष्ट सेवा पदक, अति विशिष्ट सेवा पदक तथा विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित एडमिरल ने अपने नौसैनिक करियर में अनेक महत्वपूर्ण परिचालन, स्टाफ तथा प्रशिक्षण संबंधी दायित्वों का निर्वहन किया है। इनमें मिसाइल पोत आईएनएस विद्युत और आईएनएस विनाश; मिसाइल कॉर्वेट आईएनएस कुलिश; निर्देशित मिसाइल विध्वंसक आईएनएस मैसूर; तथा विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रमादित्य की कमान शामिल है।







