
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को नीदरलैंड पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। पीएम मोदी ने शनिवार को नीदरलैंड में भारतीय समुदाय द्वारा किए गए शानदार स्वागत की कुछ झलकियां साझा की हैं। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, “कल नीदरलैंड में भारतीय समुदाय का स्वागत शानदार था। स्वागत में कथक, ओडिसी, भरतनाट्यम, कुचिपुड़ी और मोहिनीअट्टम का डांस परफॉर्मेंस शामिल था। इसमें गरबा परफॉर्मेंस भी शामिल था।”

एक और पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा, “नीदरलैंड में भारतीय समुदाय के स्वागत की कुछ और झलकियां शेयर कर रहा हूं।” बता दें, शनिवार को पीएम मोदी नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रॉब जेटन के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। इसके अलावा, वह अपने आधिकारिक दौरे के तहत शनिवार को किंग विलेम-अलेक्जेंडर और क्वीन मैक्सिमा से भी मिलेंगे। प्रधानमंत्री के अपने प्रवास के दौरान भारतीय समुदाय को संबोधित करने और नीदरलैंड के बड़े बिजनेस लीडर्स से बातचीत करने की भी उम्मीद है।
पीएम मोदी 17 मई तक नीदरलैंड में रहेंगे। प्रधानमंत्री का नीदरलैंड का यह दूसरा दौरा है। इससे पहले उन्होंने 2017 में यहां का दौरा किया था। मौजूदा दौरा भारत-नीदरलैंड के आपसी संबंधों के एक अहम मोड़ पर हो रहा है और इससे दोनों देशों के बीच रणनीतिक सहयोग और मजबूत होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूरोप में भारत की रणनीतिक, आर्थिक और तकनीकी साझेदारी को बढ़ाने के लिए अपने कई देशों के कूटनीतिक दौरे के तहत शुक्रवार शाम को नीदरलैंड पहुंचे।







