
भारतीय रेलवे ने हाई-डेंसिटी हावड़ा-दिल्ली रेल कॉरिडोर पर क्षमता बढ़ाने के लिए किउल-झाझा तीसरी लाइन परियोजना को मंजूरी दे दी है। 54 किलोमीटर लंबी इस परियोजना की लागत ₹962 करोड़ होगी।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह परियोजना हावड़ा-दिल्ली कॉरिडोर पर रेल क्षमता को मजबूत करेगी और ट्रेनों की समयपालन क्षमता तथा परिचालन लचीलापन बेहतर बनाएगी। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त लाइन बनने से यात्री और मालगाड़ियों की आवाजाही अधिक सुगम होगी और क्षेत्रीय औद्योगिक विकास तथा व्यापारिक कनेक्टिविटी को भी बढ़ावा मिलेगा।
फिलहाल किउल और झाझा के बीच मौजूदा डबल लाइन सेक्शन अपनी क्षमता से अधिक दबाव में संचालित हो रहा है। आने वाले वर्षों में इस रूट पर ट्रैफिक और बढ़ने की संभावना को देखते हुए तीसरी लाइन की जरूरत महसूस की जा रही थी।




