
रोम। रोम में बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करने के लिए भारतीय प्रवासी समुदाय के लोगों और कई कलाकारों ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उन्हें भारत की बढ़ती वैश्विक पहचान पर गर्व है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए कलाकारों का आभार जताया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, भारतीय नृत्य की शौकीन पांच इटालियंस, स्वामिनी आत्मानंद गिरि, मार्टिना मीनाक्षी अरगाडा, लुक्रेजिया मैनीस्कोटी, वेलेरिया वेस्पाजियानी, रोजेला फेनेली ने ‘ट्रिगलबंदी’ का प्रदर्शन किया, जिसमें कुचिपुड़ी, भरतनाट्यम और कथक शामिल थे।

यह देखना अद्भुत है कि भारतीय नृत्य शैलियों को वैश्विक रुचि मिल रही है। पीएम ने एक अन्य पोस्ट में लिखा, इटली में भारतीय संगीत काफी लोकप्रिय हो रहा है। रोम में हुए सामुदायिक स्वागत समारोह के दौरान, पांच इतालवी कलाकारों ने ‘हंसध्वनि’ की प्रस्तुति दी। वैलेरियो ब्रूनी (संतूर), लियो वर्तुनी (सितार), सिमोन मैटिएलो (बांसुरी), फ्रांसेस्को घेराडी (तबला) और निकोलो मेलोची (बांसुरी) को बधाई।
इटली में रह रहे कई भारतीय समुदाय के लोगों ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री से मिलकर बहुत गर्व महसूस हुआ और भारत की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय छवि को देखकर खुशी हुई। भारतीय प्रवासी समुदाय के एक सदस्य ने कहा, आज मुझे ऐसा लगा जैसे मैंने भगवान से मुलाकात की हो। यह दूसरी बार है जब मैं उनसे मिल रहा हूं और उनसे मिलकर मुझे बहुत खुशी हुई।







