Home छत्तीसगढ़ झुलसती गर्मी के बीच खुशखबरी, केरल में मानसून ने दी दस्तक

झुलसती गर्मी के बीच खुशखबरी, केरल में मानसून ने दी दस्तक

49
0

दिल्ली । भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे देशवासियों के लिए राहत की खबर है। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आधिकारिक रूप से केरल में दस्तक दे दी है। इसके साथ ही देश में बारिश के सबसे बड़े मौसम की शुरुआत हो गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर के शेष हिस्सों, पूरे लक्षद्वीप, केरल, माहे, कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ क्षेत्रों के साथ बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों को भी कवर कर लिया है। मानसून की प्रगति अनुकूल बनी हुई है और इसके आगे बढ़ने की परिस्थितियां भी मजबूत मानी जा रही हैं।

9 जून तक भारी बारिश की चेतावनी
मानसून के आगमन के साथ ही मौसम विभाग ने केरल के कई जिलों में 4 जून से 9 जून तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर 7 सेंटीमीटर से लेकर 20 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की जा सकती है।

तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथानामथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम और त्रिशूर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ जलभराव, सड़क यातायात प्रभावित होने और निचले इलाकों में पानी भरने की आशंका जताई गई है।

गर्मी से मिलेगी राहत
देश के अधिकांश हिस्सों में इन दिनों तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है। उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत के कई राज्यों में लू का असर जारी है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।

प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश
भारी बारिश की संभावना को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों से भी नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here