Home छत्तीसगढ़ रायपुर बनेगा देश के अग्रणी हृदय रोग विशेषज्ञों का केंद्र, 4 एवं...

रायपुर बनेगा देश के अग्रणी हृदय रोग विशेषज्ञों का केंद्र, 4 एवं 5 जुलाई को होगा सेंट्रल इंडिया इंटरवेंशन कॉन्फ्रेंस (CIIC-2026)

10
0
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर के चिकित्सा सम्मेलन की मेजबानी करने जा रही है। कार्डियोलॉजिकल सोसायटी ऑफ इंडिया (CSI) छत्तीसगढ़ चैप्टर के तत्वावधान में 4th Annual Central India Intervention Conference (CIIC-2026) का आयोजन 4 एवं 5 जुलाई 2026 को मेफेयर लेक रिसॉर्ट, रायपुर में किया जाएगा। इस दो दिवसीय सम्मेलन में देशभर के सुप्रसिद्ध इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट, हृदय रोग विशेषज्ञ, सुपर स्पेशलिस्ट एवं मेडिकल प्रोफेशनल्स भाग लेकर हृदय रोगों के उपचार में हो रहे नवीनतम तकनीकी विकास और आधुनिक उपचार पद्धतियों पर विस्तार से चर्चा करेंगे।
सम्मेलन के दौरान जटिल हृदय रोगों के उपचार, कोरोनरी इंटरवेंशन, संरचनात्मक हृदय रोग, इमेजिंग, चुनौतीपूर्ण केस स्टडी, वैज्ञानिक शोध, लाइव अकादमिक चर्चा, विशेषज्ञ व्याख्यान तथा आधुनिक चिकित्सा तकनीकों से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत मंथन होगा। देश के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे, जिससे युवा चिकित्सकों और प्रदेश के डॉक्टरों को नई तकनीकों एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की उपचार पद्धतियों को समझने का अवसर मिलेगा।
आयोजन समिति ने बताया कि वर्तमान समय में हृदय रोग तेजी से बढ़ती स्वास्थ्य चुनौतियों में शामिल हैं। ऐसे में चिकित्सकों को चिकित्सा विज्ञान में हो रहे नवीनतम शोध, तकनीकों और उपचार पद्धतियों से लगातार अपडेट रखना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए इस सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है, ताकि मरीजों को अधिक सुरक्षित, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
सम्मेलन की थीम “Engage | Enjoy | Enhance” रखी गई है, जो ज्ञान के आदान-प्रदान, आपसी सहयोग तथा चिकित्सा उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने का संदेश देती है। दो दिवसीय इस आयोजन में वैज्ञानिक सत्रों के साथ विशेषज्ञों के बीच विचार-विमर्श, अनुभव साझा करने और आधुनिक चिकित्सा के विभिन्न आयामों पर गहन चर्चा होगी।
आयोजन समिति के अनुसार सम्मेलन में मध्य भारत सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में कार्डियोलॉजिस्ट, फिजिशियन, डीएम एवं डीएनबी छात्र, मेडिकल फैकल्टी और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ भाग लेंगे। इस सम्मेलन से प्रदेश के चिकित्सकों को राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों से सीधे सीखने तथा आधुनिक तकनीकों को अपने दैनिक उपचार में अपनाने का अवसर मिलेगा, जिसका लाभ अंततः प्रदेश के हृदय रोगियों को मिलेगा।
CSI छत्तीसगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. जयराम अय्यर, सचिव डॉ. मनोज गुप्ता तथा CIIC-2026 के आयोजन सचिव डॉ. सतीश सूर्यवंशी ने बताया कि सम्मेलन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे मध्य भारत के चिकित्सा जगत के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा और हृदय रोगों के उपचार की गुणवत्ता को नई दिशा देने में सहायक बनेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here