
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण व ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान 13‑14 जुलाई को पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे। इस प्रवास के दौरान शिवराज सिंह वहां मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के साथ कृषि और ग्रामीण विकास पर महत्वपूर्ण बैठक करेंगे और जूट क्षेत्र के किसानों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से सीधा संवाद भी करेंगे।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान 13 जुलाई की शाम दिल्ली से कोलकाता पहुँचेंगे और सीधे मुख्यमंत्री आवास जाएँगे। रात्रिभोज के साथ होने वाली इस बैठक में खेती, किसानों की योजनाएँ, ग्रामीण सड़कों, आवास और रोजगार जैसे मुद्दों पर केंद्र और राज्य नेतृत्व साथ बैठेगा।
दूसरे दिन 14 जुलाई को नए सचिवालय भवन, कोलकाता में उच्चस्तरीय बैठक होगी। केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के साथ इस बैठक में मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और संबंधित विभागों के अधिकारी तथा केंद्र के वरिष्ठ अधिकारी भी सहभागिता करेंगे। केंद्र की ओर से कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, ग्रामीण विकास मंत्रालय और आईसीएआर की टीम पीएम‑किसान, प्रधानमंत्री फसल बीमा, प्रधानमंत्री कृषि धन धान्य योजना, एमएसपी, विकसित भारत- जी राम जी, ग्रामीण सड़क और आवास तथा पंचायतों को मिलने वाले फंड जैसे कार्यक्रमों की स्थिति रखेगी और आगे के रोडमैप पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।







