
दिल्ली। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने आम दूरसंचार उपभोक्ताओं की जानकारी के लिए जून 2026 के दौरान मध्य प्रदेश एलएसए (लाइसेंस सेवा क्षेत्र) के अंतर्गत भोपाल शहर, इंदौर से नीमच राजमार्ग तथा बिलासपुर से अंबिकापुर राजमार्ग पर अपनी नियुक्त एजेंसी के जरिये किए गए स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट (आईडीटी) के निष्कर्ष जारी किए हैं। इन ड्राइव टेस्ट का उद्देश्य दूरसंचार सेवा प्रदाताओं (टीएसपी) द्वारा उपलब्ध कराई जा रही मोबाइल नेटवर्क सेवाओं (वॉयस एवं डेटा) का वास्तविक समय में गुणवत्ता आकलन एवं सत्यापन करना है। आईडीटी के दौरान दर्ज की गई सेवा की गुणवत्ता (क्यूओएस) के प्रमुख मानकों पर टीएसपी का प्रदर्शन प्रकाशित किया जाता है, ताकि उपभोक्ताओं को जानकारी उपलब्ध हो सके तथा सेवा प्रदाताओं को अपनी सेवाओं में सुधार के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। इन आईडीटी को इस प्रकार तैयार किया गया है कि शहरों, हॉटस्पॉट क्षेत्रों, सार्वजनिक परिवहन केन्द्रों तथा अन्य विविध उपयोग वाले स्थानों पर सभी टीएसपी के मोबाइल नेटवर्क के वास्तविक प्रदर्शन का आकलन किया जा सके।

ये परीक्षण ट्राई के क्षेत्रीय कार्यालय, भोपाल की निगरानी में कराए गए। ड्राइव टेस्ट रिपोर्ट में प्रस्तुत निष्कर्ष परीक्षण किए गए क्षेत्र अथवा मार्ग पर परीक्षण के दिन और समय के दौरान दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के प्रदर्शन को दर्शाते हैं।
मध्य प्रदेश एलएसए में 8 जून 2026 से 12 जून 2026 तथा 16 जून 2026 के दौरान किए गए इन ड्राइव टेस्टों में भोपाल शहर तथा इंदौर से नीमच (रतलाम एवं मंदसौर होते हुए) राजमार्ग और बिलासपुर अंबिकापुर राजमार्ग को शामिल किया गया। इस दौरान 301.2 किलोमीटर का सिटी ड्राइव टेस्ट, 9 हॉटस्पॉट स्थानों पर परीक्षण, 7.9 किलोमीटर का वॉक टेस्ट तथा 506.3 किलोमीटर का राजमार्ग ड्राइव टेस्ट किया गया।







