
जापान के क्यूशू क्षेत्र में मंगलवार को आए 7.1 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) के अनुसार, भूकंप का केंद्र कुमामोटो प्रीफेक्चर के उकी शहर के पास था और इसकी गहराई लगभग 10 किलोमीटर दर्ज की गई। भूकंप की अधिकतम तीव्रता जापानी ‘शिंदो 7’ पैमाने पर दर्ज की गई, जो सबसे ऊंचा स्तर माना जाता है।

भूकंप के बाद जेएमए ने अरियाके और यत्सुशिरो समुद्र के तटीय इलाकों के लिए सुनामी अलर्ट जारी करते हुए लोगों से तत्काल समुद्र तटों से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की। एजेंसी ने आशंका जताई कि पहली सुनामी लहर कुछ ही देर में तट से टकरा सकती है और इसके बाद अन्य लहरें भी आ सकती हैं।







