
राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में अटल इनोवेशन मिशन के जमीनी स्तर के नवाचारकर्ताओं के एक समूह ने भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भेंट की। राष्ट्रपति ने इन नवाचारकर्ताओं द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया, उनके नवाचारों को देखा और उनसे बातचीत की।

इस अवसर पर अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि भारत अपने व्यापक स्वरूप और नवाचार की भावना का उपयोग करके जमीनी स्तर के नवाचार में विश्व की सबसे बड़ी शक्ति बनने की क्षमता रखता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जमीनी स्तर के नवाचार हमारी जरूरतों के प्रति अधिक अनुकूल हैं क्योंकि उनमें स्थानीय अनुभव, वैज्ञानिक सोच तथा व्यक्तिगत सृजनशीलता के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व की भी समावेश होता है। उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई कि देश भर में नवाचारकर्ता स्थानीय समस्याओं के ऐसे समाधान विकसित कर रहे हैं, जिनका महत्व राष्ट्रीय स्तर पर भी है। उन्होंने कहा कि आज की प्रदर्शनी में हमने देखा कि जमीनी स्तर के नवाचारकर्ता कैसे अपशिष्ट पदार्थों से धन कमाने, ऊर्जा का संरक्षण करने, महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए सुविधा बढ़ाने, पर्यावरण का संरक्षण करने, कृषि एवं कला संरक्षण जैसे क्षेत्रों में अपना योगदान दे रहे हैं।







