
रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में 14 अगस्त 2026 को दोपहर 3 बजे तिरंगा यात्रा बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। रैली में लगभग 1500 बाइक शामिल होंगी।

तिरंगा यात्रा का प्रारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम से होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं चौक-चौराहों से गुजरते हुए गुढ़ियारी स्थित भारत माता चौक में समाप्त होगी।
प्रस्तावित रैली मार्ग:
पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम → तात्यापारा → रामसागर पारा → राठौर चौक → तेलघानी नाका → अग्रसेन चौक → समता कॉलोनी → चौबे कॉलोनी → रामनगर अंडरब्रिज → कर्मा चौक → कबीर चौक → CSEB चौक → भारत माता चौक, गुढ़ियारी।
यातायात व्यवस्था एवं डायवर्सन
तिरंगा यात्रा के दौरान रैली के सुरक्षित एवं सुगम संचालन तथा आम नागरिकों को होने वाली असुविधा को न्यूनतम करने के लिए रैली के मार्ग पर यातायात को आवश्यकता अनुसार अस्थायी रूप से नियंत्रित एवं डायवर्ट किया जाएगा। रैली के आगमन से पूर्व संबंधित मार्गों पर यातायात को एक चौक पहले से वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
रैली के दौरान संबंधित मार्गों पर कुछ समय के लिए यातायात का दबाव एवं आवागमन प्रभावित हो सकता है। यातायात पुलिस द्वारा मौके की स्थिति के अनुसार यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्था की जाएगी।
यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील करती है कि—
– 14 अगस्त को दोपहर 3 बजे से तिरंगा यात्रा के दौरान उक्त मार्गों से अनावश्यक आवागमन करने से बचें।
– आवश्यक कार्य से निकलने वाले वाहन चालक वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
– यातायात पुलिस द्वारा मौके पर दिए जा रहे निर्देशों का पालन करें।
– रैली के दौरान धैर्य एवं संयम बनाए रखें तथा यातायात व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करें।
– रैली के बीच वाहन प्रवेश कराने, ओवरटेक करने अथवा असुरक्षित तरीके से वाहन चलाने से बचें।
यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा आम नागरिकों की सुविधा एवं सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था की जा रही है। नागरिकों से अपील है कि तिरंगा यात्रा को सफल एवं सुरक्षित बनाने में यातायात पुलिस का सहयोग करें।







