Home छत्तीसगढ़ वन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 64 सहायक वन संरक्षकों की नई...

वन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 64 सहायक वन संरक्षकों की नई पदस्थापना

7
0

रायपुर। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। शासन ने 64 सहायक वन संरक्षकों की नवीन पदस्थापना का आदेश जारी किया है। यह आदेश 2 सितंबर 2026 को महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर से जारी किया गया।

शासन के आदेश के अनुसार अधिकारियों को प्रशासनिक दृष्टिकोण से उनके नाम के सामने दर्शाई गई नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी पदस्थापनाएं अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक प्रभावी रहेंगी।

कई अधिकारियों को वनमंडलों में नई जिम्मेदारी
जारी सूची के अनुसार राम कुमार सिदार को मंडल प्रबंधक, कवर्धा परियोजना, राज्य वन विकास निगम की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं विजेंद्र सिंह ठाकुर को उप वनमंडलाधिकारी बस्तर, अमिता गुप्ता को उप प्रबंधक छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ मुख्यालय और मनोज कुमार विश्वकर्मा को उप वनमंडलाधिकारी बिरगुड़ी, धमतरी पदस्थ किया गया है।

इसके अलावा कई अधिकारियों को बस्तर, कांकेर, कोरिया, रायगढ़, सूरजपुर, बीजापुर, राजनांदगांव, दुर्ग, महासमुंद और अन्य वनमंडलों में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।

वन्यजीव और टाइगर रिजर्व से जुड़े पद भी बदले
आदेश में अचानकमार टाइगर रिजर्व, इंद्रावती टाइगर रिजर्व और अन्य वन्यजीव क्षेत्रों से जुड़े अधिकारियों की भी नई पदस्थापना की गई है। राजेंद्र कुमार सोरी को देवभोग उप वनमंडलाधिकारी, विकास चंद्राकर को कानन पेंडारी मिनी जू बिलासपुर का अधीक्षक और मनोज बघेल को दोरनापाल उप वनमंडलाधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं रविंद्र धरही को सहायक वन संरक्षक (वन्यप्राणी), प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) कार्यालय रायपुर में पदस्थ किया गया है। यामिनी पोतदार को सहायक वन संरक्षक (वन मुख्यालय), नवा रायपुर की जिम्मेदारी मिली है।

आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगा आदेश
वन विभाग के इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद संबंधित अधिकारियों को नई पदस्थापना के अनुसार जिम्मेदारियां संभालनी होंगी। आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा उनके आदेशानुसार वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के विशेष सचिव जे.पी. पाठक द्वारा जारी किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here