
2 छोटे शहरों और गांवों के बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने की दिशा में जिला प्रशासन सक्ती की एक अनूठी पहल सामने आई है। प्रशासन ने जिले के 24 मेधावी छात्र-छात्राओं को एयरपोर्ट भ्रमण कराकर न केवल उन्हें आधुनिक उड्डयन व्यवस्था से परिचित कराया, बल्कि उनके भीतर बड़े सपने देखने का आत्मविश्वास भी जगाया।


इस विशेष शैक्षणिक भ्रमण ने बच्चों के लिए यादगार अनुभव का रूप ले लिया। एयरपोर्ट और फाइटर प्लेन को अब तक केवल किताबों, फिल्मों या टीवी स्क्रीन पर देखने वाले विद्यार्थियों ने जब उन्हें सामने से देखा, तो उनकी उत्सुकता और खुशी देखते ही बन रही थी। दरअसल, विद्यार्थियों के चयन के लिए 13 मई को जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान एवं एप्टीट्यूड टेस्ट आधारित प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित की गई थी। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 24 छात्र-छात्राओं को एयरपोर्ट भ्रमण के लिए चुना गया। 16 मई की सुबह जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय सक्ती से सभी विद्यार्थियों को बस के माध्यम से स्वामी विवेकानंद विमानतल माना, रायपुर के लिए रवाना किया गया।




