
रायपुर। यात्रियों की सुरक्षा एवं संरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से भारतीय रेल द्वारा रेलवे स्टेशनों, यात्री कोचों तथा अन्य रेलवे परिसरों में चरणबद्ध तरीके से अत्याधुनिक सीसीटीवी निगरानी प्रणाली स्थापित की जा रही है। इस पहल के तहत अब तक देशभर के 3,215 रेलवे स्टेशनों तथा 13,409 यात्री कोचों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं। इसके साथ ही सभी परिचालित वंदे भारत एवं अमृत भारत ट्रेनों को भी सीसीटीवी कैमरों से सुसज्जित किया जा चुका है।

वर्तमान में उत्तर रेलवे के 425 रेलवे स्टेशनों, पश्चिम रेलवे के 391 स्टेशनों तथा पूर्वी रेलवे के 271 स्टेशनों पर सीसीटीवी निगरानी प्रणाली उपलब्ध है। वहीं, यात्री कोचों में पश्चिम रेलवे के 1,735 कोच, उत्तरी रेलवे के 1,483 कोच तथा दक्षिण रेलवे के 1,481 कोच सीसीटीवी कैमरों से सुसज्जित किए जा चुके हैं।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में अब तक 145 रेलवे स्टेशनों तथा 303 यात्री कोचों को सीसीटीवी निगरानी प्रणाली से जोड़ा जा चुका है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हुई है।




